बस्ती : अमहट घाट के पास कुवानों नदी में कई वर्षों से लटक रहे पुराने पुल के मलबे को हटाए जाने पर जनपदवासियों ने खुशी जताई है। पुल का मलबा हटाने के लिए समाजसेवी सरोज मिश्र ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मलबा हटने से नदी के प्रवाह को सही तरीके से हो सकेगा।
सरोज मिश्र ने बताया कि टूटे हुए पुल के मलबे को हटाने की मांग को लेकर उन्होंने कई बार जिला प्रशासन को पत्र लिखकर ध्यान आकर्षित कराया था। लगातार प्रयासों के बाद प्रशासन द्वारा मलबा हटाए जाने से पर समाजसेवी व विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्र ने जिला प्रशासन का धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि यह जनहित से जुड़ा मुद्दा था, जिसे गंभीरता से लिया गया।
समाजसेवी ने आमजन से भी अपील की कि कुवानों नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में सभी लोग अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि नदी में कचरा या गंदगी फेंकने से बचें और आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखें। इसके साथ ही उन्होंने यह कहा कि जल्द ही नदी में फैली जलकुंभी को हटाने के लिए भी प्रयास शुरू किए जाएंगे, ताकि नदी का जल प्रवाह बेहतर हो सके और पर्यावरण संतुलन बना रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के मलबे के कारण नदी में अवरोध उत्पन्न हो रहा था, जिससे जलभराव और गंदगी की समस्या बढ़ रही थी। अब मलबा हटने से स्थिति में सुधार की उम्मीद है।
