अजय सिंह गौतम ने पौधरोपण को बना लिया है अपने जीवन लक्ष्य
बस्ती। राजनीति में सक्रिय रहते हुए भी यदि कोई व्यक्ति प्रकृति और समाज सेवा के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करे, तो वह समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन जाता है। भाजपा नेता अजय सिंह गौतम बस्ती नगर पालिका क्षेत्र के पिकौरा शिव गुलाम मोहल्ले में परिवार सहित रहते हैं, हालांकि उनका पैतृक आवास बहादुरपुर विकासखंड के भेलवल गांव में है। अजय सिंह गौतम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाते हैं। वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्य समिति में सदस्य तथा संतकबीर नगर जनपद के प्रभारी भी हैं। इससे पूर्व वह गोरखपुर और आज़मगढ़ जैसे महत्वपूर्ण जिलों के भी प्रभारी रह चुके हैं।
राजनीतिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ अजय सिंह गौतम पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने पौधरोपण को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि अपने जीवन का लक्ष्य बना लिया है। वह जहां भी जाते हैं, वहां पौधरोपण करना और लोगों को वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक करना उनके कार्यक्रम का अभिन्न हिस्सा होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वह केवल पौधे लगाकर छोड़ नहीं देते, बल्कि उनकी देखरेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी स्वयं निभाते हैं। और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने अनेक स्कूलों, धार्मिक स्थलों, ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में अब तक हजारों पेड़ लगवाए हैं। उनके इस अभियान में अब सैकड़ों लोग शामिल होकर इसे जन-आंदोलन का स्वरूप दे चुके हैं।
अजय सिंह गौतम का मानना है कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को एक स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकता है। उनका यह भी कहना है कि यदि शिक्षा के साथ पर्यावरण को भी प्राथमिकता दी जाए, तो समाज की दिशा और दशा दोनों बदली जा सकती है।
उन्होंने बस्ती मंडल के तीनों जनपदों (बस्ती, सिद्धार्थनगर,संतकबीरनगर) के अलावा लखनऊ, भिटरिया, अयोध्या, आज़मगढ़ के बाबा भंवरनाथ मंदिर, मिर्जापुर के विंध्याचल धाम स्थित अष्टभुजी माता मंदिर परिसर, बिहार के थावे माता मंदिर और उत्तराखंड के कैंची धाम में भी बड़े पैमाने पर पौधे लगाए हैं।
प्रत्येक वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर वह विशेष अभियान चलाकर हजारों की संख्या में पौधरोपण करते हैं और दूसरों को भी इस पुनीत कार्य में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हैं। बस्ती जनपद के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भदेश्वर नाथ धाम में उनके लगाए सैकड़ों पेड़ आज वटवृक्ष बनकर न केवल छाया दे रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रसारित कर रहे हैं।
भाजपा के निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष, वर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह तथा क्षेत्रीय महामंत्री और सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला भी अजय सिंह गौतम के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर भदेश्वर नाथ मंदिर परिसर में पौधारोपण कर चुके हैं।
पूर्वांचल में लोग इन्हें अब ट्री मैन कहने लगे हैं, इन्हें यह उपाधि उनके असाधारण वृक्षारोपण कार्यों के कारण मिली है। इन्होंने हजारों पेड़ लगाकर न सिर्फ पर्यावरण को संजीवनी दी, बल्कि समाज को भी जागरूक किया। राजनीति में सक्रिय रहने वाले अजय सिंह गौतम ने अपने जीवन को पेड़ों के संरक्षण और संवर्धन के लिए समर्पित कर दिया है। उन्होंने अपने क्षेत्र में खाली पड़ी ज़मीनों को हरा-भरा बना दिया है। वह कहीं भी जाते हैं तो लोगों को पेड़ लगाने और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित करते हैं, उनके प्रयासों से यह साबित होता है कि हर नागरिक का योगदान पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण हो सकता है। यही नहीं अजय सिंह गौतम गौ रक्षा के क्षेत्र में भी समर्पित हैं। वह गायों की सुरक्षा, संरक्षण और सेवा के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने अयोध्या सहित कई जगहों पर गौशालाओं की स्थापना भी की है। उनका योगदान समाज में प्रेरणा का स्रोत है।