बस्ती। जनपद बस्ती अब वैश्विक पहचान की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है। जनपद के लाल मनीष मिश्रा की पहल पर 25 मई को एक भव्य सांस्कृतिक आयोजन होने जा रहा है, जिसमें 2100 माताएँ-बहनें एक साथ ‘रामजी का सोहर’ गाकर इतिहास रचेंगी। इस अद्वितीय आयोजन को Guinness World Records में दर्ज कराने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है।
मनीष मिश्रा ने बताया कि यह अपनी तरह का पहला कार्यक्रम होगा, जिसमें इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं एक साथ पारंपरिक सोहर गायन करेंगी। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल रिकॉर्ड बनाना है, बल्कि बस्ती की सांस्कृतिक धरोहर को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाना भी है।
मनीष मिश्रा का कहना है कि इस पहल के माध्यम से मातृशक्ति की प्रतिभा और एकजुटता को प्रदर्शित किया जाएगा, साथ ही यह संदेश भी दिया जाएगा कि हमारी परंपराएं आज भी जीवंत हैं और उन्हें नई पहचान दी जा सकती है।
कार्यक्रम को लेकर जिले भर में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने को उत्सुक हैं। यदि यह प्रयास सफल होता है, तो बस्ती का नाम विश्व पटल पर स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो जाएगा।
