बस्ती: शहर से सटे मिश्रौलिया स्थित युवा चेतना पुस्तकालय में विश्व कला दिवस के अवसर पर विश्व युवक केंद्र, नई दिल्ली एवं युवा विकास समिति, बस्ती के संयुक्त तत्वावधान में पुस्तकालय अभिमुखीकरण एवं आर्ट-पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. नवीन सिंह ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि कला मनुष्य के व्यक्तित्व को संपूर्ण बनाती है और बच्चों में रचनात्मकता, अनुशासन व संवेदनशीलता का विकास करती है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ कला का अभ्यास भी आवश्यक है, जिससे विद्यार्थी मानसिक रूप से सशक्त बनते हैं।
विशिष्ट अतिथि बबिता गौतम ने कहा कि कला हमारे जीवन को सुंदर और संतुलित बनाती है। बच्चों को बचपन से ही पेंटिंग, संगीत और अन्य कलाओं से जोड़ना चाहिए, ताकि उनमें सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
मुख्य वक्ता अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि कला समाज का दर्पण होती है। इसके माध्यम से हम अपनी भावनाओं और विचारों को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी रचनात्मक प्रतिभा को पहचानें और उसे निखारें।
मंगला प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ कला का समन्वय बहुत जरूरी है। कला न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
प्रिंस यादव ने कहा कि आज के डिजिटल युग में बच्चों का कला से दूर होना चिंता का विषय है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को मोबाइल से हटाकर सृजनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करते हैं।
संस्था के सचिव बृहस्पति कुमार पाण्डेय ने बताया कि विश्व युवक केंद्र और युवा विकास समिति द्वारा संचालित निःशुल्क युवा चेतना पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए पुस्तकों का विशाल भंडार उपलब्ध है। साथ ही हर माह हिंदी-अंग्रेजी की प्रतियोगी पत्रिकाएं, अखबार एवं जर्नल भी उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे युवाओं को बेहतर अध्ययन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय न केवल प्रतियोगियों के लिए वरदान साबित हो रहा है, बल्कि साहित्य, कला एवं अन्य विषयों में रुचि रखने वाले लोगों को भी पठन-पाठन से जोड़ने में सफल है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से पुस्तकालय से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में तूलिका पाण्डेय, सिद्धार्थ, रक्षित सिंह सोलंकी, हर्ष देव पाण्डेय, अदम्य, अन्वी मौर्या, आर्यन मौर्य, कुणाल पाण्डेय, अमृतांश पांडे, मानवी तिवारी, महिमा तिवारी एवं अगम पाण्डेय का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
इस अवसर पर माधुरी, राम विलास मौर्य, संजय कुमार गौतम एवं शुभम जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By UP Khabariya

UP Khabriya is an interactive platform where you can raise your issues through our channel. Available across digital platforms and with a monthly magazine, it covers a wide range of topics including governance, education, and public welfare in your language.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *