10 फरवरी को ‘गुडलक सेरेमनी’, 11 को ऐतिहासिक वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन
संतकबीरनगर।जनपद के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 10 और 11 फरवरी को आयोजित होने वाले भव्य आयोजनों को लेकर उत्साह अपने चरम पर है। विद्यालय प्रशासन ने ‘गुडलक सेरेमनी’ एवं ऐतिहासिक वार्षिक उत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
कार्यक्रमों को सफल और यादगार बनाने के उद्देश्य से शनिवार को विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. उदय चतुर्वेदी एवं निदेशिका सविता चतुर्वेदी ने स्टाफ के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 10 फरवरी को विद्यालय परिसर में ‘गुडलक’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाएगी और उन्हें आगामी बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ जीवन की नई चुनौतियों के लिए प्रेरित किया जाएगा।
वहीं 11 फरवरी को आयोजित होने वाला वार्षिक उत्सव इस वर्ष विशेष और ऐतिहासिक होने जा रहा है। विद्यालय के उप प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी ने बताया कि इस ऐतिहासिक धरा पर छात्र-छात्राएं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन जनपद के सबसे यादगार कार्यक्रमों में से एक साबित होगा। इसके लिए रिहर्सल और साज-सज्जा का कार्य अंतिम चरण में है।
बैठक के दौरान प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास को समाज के समक्ष प्रस्तुत करना है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करें और इस गौरवशाली आयोजन का हिस्सा बनें।
