महराजगंज: प्रयागराज महाकुंभ के कला ग्राम यमुना पंडाल सेक्टर-7 में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सिसवा की सांची को सम्मानित किया गया। मंगलवार को हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सांची के शास्त्रीय कथक प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके अद्भुत नृत्य ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया और खूब सराहना बटोरी।
आठ साल की सांची बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं। वह संस्कृत में धाराप्रवाह संभाषण करती हैं, मुक्केबाजी और ताइक्वांडो में कुशल खिलाड़ी हैं, साथ ही कथक नृत्य में भी निपुण हैं। बीते माह राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद वह पूरे देश में ख्याति प्राप्त कर चुकी हैं।
ये भी पढ़ें: यूपी में बाढ़ और कटाव रोकने को मजबूत होंगे तटबंध, 10 करोड़ से होगी डोमरा जर्दी बांध की मरम्मत
बीते दिनों महाकुंभ के आमंत्रण पर महराजगंज की बेटी सांची प्रयागराज गईं, जहां बड़े मंच पर अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ गईं मां स्तुति ने बताया कि सांची के नृत्य की खूब सराहना हुई और उन्हें प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। महाकुंभ की पवित्र माटी से मिला यह सम्मान सांची के उत्साह और ऊर्जा को और बढ़ाएगा।