Mau News: कहा जाता है कि प्यार न उम्र देखता है और न ही रिश्तों की मर्यादा, लेकिन जब यह सामाजिक सीमाओं को लांघता है तो परिवार और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय बन जाता है। ऐसा ही एक मामला मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक जीजा अपनी हाई स्कूल फेल नाबालिग साली को लेकर फरार हो गया। दोनों की कोर्ट मैरिज की तैयारी थी, लेकिन परिजनों की सजगता ने इस प्रयास को विफल कर दिया।
हाईवे पर रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी
परिजनों को मिली सूचना के आधार पर रिश्तेदारों और परिचितों की मदद से दोनों को मऊ जिले के गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर भागते समय पकड़ लिया गया। हालांकि मौके का फायदा उठाकर नाबालिग साली खेतों की ओर भाग निकली, लेकिन आरोपी जीजा को परिजनों ने पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले करने की तैयारी की गई।
पीड़िता के पिता का गंभीर आरोप
लड़की के पिता ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी की शादी वर्ष 2019 में मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही युवक ने गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे मायके भेज दिया। पीड़िता का एक पुत्र भी है।
पिता का आरोप है कि दामाद धीरे-धीरे मायके आने-जाने लगा और इसी दौरान उसने छोटी बेटी को बहला-फुसलाकर घर के जेवर और नकदी लेकर भागने की साजिश रची। समय रहते जानकारी मिलने पर परिजनों ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पत्नी ने भी लगाए प्रताड़ना के आरोप
आरोपी की पत्नी और नाबालिग साली की बड़ी बहन ने बताया कि शादी के बाद से ही पति का व्यवहार ठीक नहीं था। गर्भावस्था के दौरान भी मारपीट की गई, जिससे वह मायके में रहने को मजबूर हो गई। उसे पति की ओर से किसी प्रकार का आर्थिक सहयोग नहीं मिल रहा है। पत्नी ने भी न्यायिक कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने लिया संज्ञान
मामले पर मऊ के अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। एक पीड़िता का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें पति पर उचित देखभाल न करने और साली से संबंध रखने का आरोप लगाया गया है। शिकायत प्राप्त हुई है, मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सामाजिक मर्यादाओं पर उठे सवाल
यह घटना न केवल पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा पर प्रश्नचिन्ह लगाती है, बल्कि नाबालिगों की सुरक्षा और पारिवारिक सतर्कता की भी अहमियत को दर्शाती है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और पूरे प्रकरण की सत्यता सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
