बस्ती: जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पिलखाव गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक पुराने बोरिंग के बरामदे में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहचान कराई तो मृतक उद्योग विभाग में कार्यरत कनिष्ठ लिपिक बताया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह खेतों की ओर जाते समय ग्रामीणों की नजर बरामदे में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
