बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देशन में ऑपरेशन रक्षा के तहत जनपद में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अवैध कार्यों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। एसओजी टीम, स्वाट टीम एवं सर्विलांस टीम बस्ती की संयुक्त कार्यवाही में चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर चार संचालकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 14 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यालय पर विभिन्न अखबारों, सोशल मीडिया एवं मुखबिर खास के माध्यम से स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार की सूचनाएं मिल रही थीं। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक बस्ती ने विशेष टीम गठित की। अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में मालवीय रोड स्थित ब्लू हेवेन स्पा, रोडवेज चौराहे व हरदिया चौराहे पर स्थित रुद्रा स्पा तथा बड़ेवन स्थित मिलाया स्पा पर नियमानुसार चेकिंग व छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान चार संचालकों—राहुल कालिया पाण्डेय, दीपक यादव, विक्की चौहान एवं मनोज कुमार जायसवाल—को गिरफ्तार कर निरोधात्मक कार्रवाई की गई। रेस्क्यू की गई 14 महिलाओं ने पूछताछ में अलग-अलग जनपदों की निवासी होने की बात बताई, जिन्हें उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया गया।
पुलिस द्वारा स्पा सेंटरों के अभिलेख, लाइसेंस, रजिस्टर, सीसीटीवी कैमरे व मोबाइल जब्त कर गहन जांच की जा रही है। कमियां पाए जाने पर अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
