लखनऊ में बीजेपी की सियासी हलचल तेज, विनोद तावड़े का अचानक दौरा
लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी की गतिविधियां अचानक तेज हो गई हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े अचानक दौरे पर राजधानी पहुंचे हैं। उनके इस दौरे को आगामी रणनीति और संगठनात्मक समीक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है।
तावड़े ने रविवार सुबह से ही यूपी बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मैराथन बैठकें शुरू कर दीं। वे अलग-अलग नेताओं से मुलाकात कर संगठन की स्थिति, सरकार के कामकाज और राजनीतिक माहौल पर फीडबैक ले रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इसे आगामी चुनावों की तैयारी का हिस्सा भी समझा जा रहा है।
अब तक तावड़े जिन प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं, उनमें पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह, केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, भूपेन्द्र चौधरी, धर्मपाल सिंह लोधी, हरीश द्विवेदी, रमापति राम त्रिपाठी और सूर्य प्रताप शाही शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सुरेश खन्ना से उनकी मुलाकात देर रात होगी, जबकि सुरेन्द्र नागर से दिल्ली में भेंट प्रस्तावित है। वहीं स्वतंत्र देव सिंह फिलहाल लखनऊ में मौजूद नहीं हैं।
तावड़े सोमवार सुबह प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे, जिसे इस दौरे की सबसे अहम कड़ी माना जा रहा है।
इसी बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी लखनऊ पहुंच चुके हैं, जिससे सियासी हलचल और बढ़ गई है। राजनीतिक गलियारों में इस पूरे घटनाक्रम को बड़े बदलाव या अहम फैसलों की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।
लखनऊ में बीजेपी की सियासी हलचल तेज, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कई वरिष्ठ नेताओं से की मुलाकात
