बस्ती: जनपद बस्ती के कलवारी क्षेत्र अंतर्गत अगौना पंचायत भवन में TREE Initiatives Society के तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई तथा स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दिया।

शिविर में जिला चिकित्सालय बस्ती से आए योग्य एलोपैथिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सकों द्वारा मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही लोगों को रोगों से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूक भी किया गया।

WhatsApp Group Join Now

कार्यक्रम में महादेवा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि फूलचंद श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य राजेश पटेल, मुख्य अतिथि (युवा प्रेरणास्रोत) तेजा जी, विशिष्ट अतिथि (युवा नेतृत्व) अमरेंद्र यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कपिलदेव देव सिंह उर्फ मम्मू सिंह, डॉ. हादुल वरा, शेर अफ़गन खान, प्रधान प्रतिनिधि शमशेर खान तथा प्रेम प्रकाश चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक सराहनीय पहल बताया।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष प्रभाकर ने कहा कि Tree Initiatives Society का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में वास्तविक और सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और जन-जागरूकता संस्था के प्रमुख कार्यक्षेत्र हैं। उन्होंने कहा कि यह शिविर इस सोच का परिणाम है कि कोई भी व्यक्ति केवल संसाधनों के अभाव में स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं, सेवाओं और उनके अधिकारों की सही, सरल और भरोसेमंद जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मैत्री केंद्र की शुरुआत भी की गई। अतिथियों द्वारा 10 भौतिक मैत्री केंद्रों की स्थापना हेतु चयनित केंद्र प्रमुखों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा मैत्री केंद्रों के बैनर भी सौंपे गए। यह केंद्र लोगों को मार्गदर्शन, सहयोग और आवश्यक परामर्श देकर उन्हें जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम बनेंगे।

इसी क्रम में संस्था के पब्लिकेशन के माध्यम से प्रकाशित पुस्तक “शब्दों की रोटियां” का भी विमोचन किया गया। पुस्तक का विमोचन विधायक प्रतिनिधि एवं अन्य अतिथियों द्वारा किया गया। यह कविता संग्रह कवि मलय नीरव द्वारा रचित है, जिसे साहित्य प्रेमियों ने सराहा।

शिविर संयोजक एवं समाजसेवी प्रेम त्रिपाठी ने बताया कि शिविर से पूर्व गांव-गांव जाकर जनसंपर्क किया गया, पंपलेट वितरित किए गए तथा चौक-चौराहों पर फ्लेक्स लगाकर लोगों को शिविर की जानकारी दी गई। शिविर के सह-संयोजक एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजय कुमार यादव ने बताया कि आयोजन स्थल पर साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी की गईं।

अंत में संस्था की ओर से जिला अस्पताल की मेडिकल टीम, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सहयोगी संस्थाओं एवं सभी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी समाजहित के कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में संस्था के सदस्य एवं सहयोगी सच्चिदानंद शुक्ल, राम कृष्ण पटेल, दीपक कुमार, बाल कृष्ण पटेल, दिलीप कुमार, जय प्रकाश, अब्दुर रहीम सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई और ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की।

By UP Khabariya

UP Khabriya is an interactive platform where you can raise your issues through our channel. Available across digital platforms and with a monthly magazine, it covers a wide range of topics including governance, education, and public welfare in your language.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *