बस्ती :(वकील अहमद सिद्दीकी)….
शुक्रवार को नगर पंचायत बनकटी के विभिन्न वार्डों में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए उपजिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक एवं अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत बनकटी ऋचा सिंह ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं समयबद्धता की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण क्रम में अधिकारियों ने वार्ड नंबर–5 बसौडी में स्टेडियम निर्माण कार्य, वार्ड नंबर–2 चंद्र नगर में कार्यालय भवन के निर्माण, देईसाड़ एवं बनकटी में निर्माणाधीन वेंडिंग जोन, साथ ही नगर पंचायत के अन्य वार्डों में सीसी रोड निर्माण एवं पथ प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक ने निरीक्षण के दौरान कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में संचालित सभी विकास योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता में कमी स्वीकार्य नहीं होगी।
वहीं अधिशाषी अधिकारी ऋचा सिंह ने नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की बात कही और जहाँ कार्य संतोषजनक पाए गए, वहाँ संबंधित कर्मचारियों एवं एजेंसियों की सराहना भी की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं ताकि आम जनता को दीर्घकालीन लाभ मिल सके।
निरीक्षण कार्यक्रम के पश्चात उपजिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक एवं सीडीए एकेडमी विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती अरुणा सिंह पाल द्वारा विद्यालय में बच्चों के पठन-पाठन की स्थिति का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान शैक्षणिक वातावरण, शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यार्थियों की सहभागिता का अवलोकन किया गया तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर निवर्तमान मंडल अध्यक्ष विवेकानंद शुक्ल, अतुल पाल, आशीष श्रीवास्तव, प्रवेश दूबे, पवन पाल, राम मोहन पाल सहित नगर पंचायत के अन्य वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नगर पंचायत क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए इनके शीघ्र पूर्ण होने की अपेक्षा जताई।

By UP Khabariya

UP Khabriya is an interactive platform where you can raise your issues through our channel. Available across digital platforms and with a monthly magazine, it covers a wide range of topics including governance, education, and public welfare in your language.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *