मऊ: उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष उमाशंकर ओमर के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। व्यापारियों ने वलीदपुर बाजार में साप्ताहिक बंदी का दिन पूर्व की भांति शुक्रवार को ही निर्धारित किए जाने की मांग उठाई।
व्यापारियों का कहना था कि शुक्रवार को बाजार बंद रहने की व्यवस्था लंबे समय से लागू है, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को सुविधा मिलती रही है। उन्होंने मांग की कि इस व्यवस्था में किसी प्रकार का बदलाव न किया जाए।
इस दौरान व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष उमाशंकर ओमर एवं व्यापारी नेता मनीष वर्मा ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की भी मांग रखी। व्यापारियों ने बाजार में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा भीड़भाड़ वाले दिनों में अतिरिक्त पुलिस गश्त की आवश्यकता बताई।
मांगों पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस को निर्देशित किया कि वलीदपुर बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और बाजार लगने वाले दिनों में विशेष सतर्कता बरती जाए।
प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर व्यापारियों ने संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।















